भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर में जलेगा 2.50 लाख से अधिक दीपों का उजियारा
छह नवंबर को होगा भव्य दीपोत्सव, प्रयागराज के सभी घाटों पर भी प्रज्ज्वलित होंगे दीप, डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
प्रयागराज। महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम छह नवंबर को लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाएंगे। दोनों स्थलों पर 1.25-1.25 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रयागराज के सभी घाटों पर भी दीपोत्सव आयोजित होगा। सोमवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर पारंपरिक तरीके से भव्य दीपोत्सव आयोजित किया जाए। इसके लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन किया जाए, जिससे आयोजन की जिम्मेदारी तय हो सके और कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए।
श्रृंगवेरपुर में लगेंगी हाईमास्ट लाइट
श्रृंगवेरपुर धाम में नियमित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी करने और शिक्षा विभाग को आयोजन स्थल पर आकर्षक रंगोली बनवाने की जिम्मेदारी दी गई। उप मुख्यमंत्री ने आयोजन में वालंटियर्स को भी शामिल करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने मंडलायुक्त लोकेश एम और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को तैयारियों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें, जिससे दीपोत्सव भव्यता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
बैठक में विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित
रहे।
What's Your Reaction?